बिलासपुर। गर्मी का मौसम अपने तेवर दिखाने लगा है। त्वचा जला देने वाली धूप लोगों को बेचैन कर रही है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी होना सामान्य बात है। इससे निर्जलीकरण का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में रसीले मौसमी फलों का सेवन कर इस समस्या से बचा जा सकता है। इसके सेवन से शरीर में पानी की कमी भी दूर होगी और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए शरीर को जरूरी तत्व भी मिलेंगे।
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप किसी को भी नहीं छोड़ती है। इसकी चपेट में आने से बीमार पड़ना पक्का है। लेकिन कुछ चीजों का ध्यान रखकर भीषण गर्मी को बिना बीमार पड़े काटा जा सकता है। सिम्स(छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) के मेडिसीन विशेषज्ञ डा. विवेक शर्मा का कहना है कि गर्मी से खुद को बचाने के कई तरीके हैं। इसमें सबसे अच्छा तरीका मौसमी फलों का सेवन करना है। इस मौसम के सभी फलों में पानी की मात्रा अधिक होती है। ये रसीले होने के साथ शक्तिवर्धक होते हैं।
वहीं, इस सीजन के फल महंगे भी नहीं होते हैं, ऐसे में हर कोई इन फलों का सेवन आसानी से कर सकता है। यदि प्रतिदिन अपने भोजन के कुछ हिस्से में फलों को शामिल किया जाए तो यह बेहतर परिणाम देगा। शरीर में पानी की कमी भी नहीं होगी, जिससे निर्जलीकरण से बचाव होगा। साथ ही इसके पोषक तत्वों से शरीर मजबूत होगा और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ेगा। गर्मी के दिनों में फल का सेवन रामबाण औषधि की तरह है।
इन फलों का सेवन करें
गर्मी के दिनों में संतरा, तरबूज, खरबूज, अंगूर, खीरा, ककड़ी, आम, मौसम्बी, केला आदि फलों का ज्यादा सेवन करना चाहिए। इसके अलावा गन्ने का रस के साथ नींबू पानी भी गर्मी में बड़ी राहत देगा। नींबू पानी तो शरीर के विषैले तत्व निकालने का काम करेगा। यह गर्मियों में राहत देगा।