कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर: जिला अध्यक्षों का गांवों में रात्रि प्रवास, ग्रामीणों से जुटा रहे जमीनी फीडबैक

अभनपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ नेताओं की पाठशाला के बाद अब नए जिला अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने के लिए सीधे मैदान में उतारा गया है। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में 20 जिला अध्यक्षों की टीमें बनाकर रात्रि प्रवास कराया जा रहा है।

मंगलवार शाम जिला अध्यक्षों ने अलग-अलग गांवों में ग्रामीणों के बीच रुककर रात बिताई। बुधवार सुबह उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर गांव की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी ली।

इस दौरान जिला अध्यक्ष ग्रामीणों के घरों में ठहरे और गांव के जनजीवन को करीब से समझने का प्रयास किया। उन्होंने चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और जनता की राय जानी।

फिलहाल नवागांव (ल), कोलियरी, घोंट-सोंठ और थानौद गांवों में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की टीमें सक्रिय हैं। वहीं कुरूद विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में भी 21 जिला अध्यक्षों का रात्रि प्रवास कार्यक्रम चल रहा है।

कांग्रेस संगठन का मानना है कि इस तरह के जमीनी संवाद से जिला स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से सीधा जुड़ाव बढ़ेगा।

गौरतलब है कि रायपुर के अभनपुर में 20 जून से कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ है। शिविर में राष्ट्रीय सचिव सचिन राव, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेता प्रशिक्षण दे रहे हैं। शिविर के दूसरे दिन राहुल गांधी ने भी जिला अध्यक्षों को संबोधित कर संगठन और जमीनी राजनीति से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *