राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हमला, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भाजपा पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने और चढ़ावे में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं और भाजपा ने उनके नाम पर जनता की आस्था का दुरुपयोग किया है।

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर के 50 शहरों में प्रेस वार्ता आयोजित कर रही है। इसके बाद गांव-गांव में नुक्कड़ सभाओं के जरिए लोगों तक कथित चढ़ावा चोरी का मामला पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाली भाजपा को चढ़ावे से जुड़े विवाद की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि एसआईटी जांच में फर्जी रसीदों और लेखा-जोखा में गड़बड़ियों जैसी बातें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी था तो संबंधित पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों हुए और स्वतंत्र जांच से परहेज क्यों किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस ने भाजपा से तीन सवाल भी पूछे। पहला, राम मंदिर ट्रस्ट के गठन के बाद कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी कौन लेगा? दूसरा, यदि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार हुईं तो संबंधित पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों हुए? और तीसरा, मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने से भाजपा क्यों बच रही है?

कांग्रेस ने कहा कि वह इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अभियान जारी रखेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *