रायपुर|कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. सिंह ने शिक्षा विभाग में पेंशन प्रकरणों के लंबित रहने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के पेंशन प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। विशेष रूप से गत माह रिटायर होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की पेंशन अब तक प्रदाय न होने पर जिला शिक्षा कार्यालय के संबंधित सेक्शन प्रभारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, कलेक्टर ने आबकारी एवं पुलिस विभाग से कहा कि राजसात किए गए वाहनों की नीलामी पूर्ण करें। खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को राशन का सही और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गंभीरता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ करने पर जोर दिया।
बैठक में रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित सभी विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।