किसानों के लिए सीएम साय का बड़ा भरोसा: कमजोर मानसून में भी नहीं होने देंगे परेशानी

रायपुर। अल नीनो के प्रभाव से कमजोर मानसून की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए खेती-किसानी की योजना बनाने की अपील की।

जांजगीर-चांपा और सक्ती दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मौसम विभाग पहले ही सामान्य से कमजोर मानसून की संभावना जता चुका है। सरकार लगातार किसानों को जागरूक कर रही है कि वे बारिश की स्थिति के अनुसार फसल और खेती की रणनीति तैयार करें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज सक्ती जिले में भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं मंत्रालय में हुई समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में पांच प्रमुख मिशन शामिल किए हैं, जिनमें AI मिशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभाव हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है और इसके प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है।

चरण पादुका योजना पर हाईकोर्ट की रोक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे फिर से शुरू किया है और हर वर्ष इसका लाभ हितग्राहियों को देने का प्रयास करेगी।

इसके अलावा, 4 और 5 जुलाई को भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लगातार तीसरा आयोजन होगा। इसमें सुशासन (गुड गवर्नेंस) और सरकार के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने पर मंथन किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में और सुधार आएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *