CM साय ने ‘साइंस ऑन व्हील्स’ को दिखाई हरी झंडी, अब स्कूलों तक पहुंचेगी चलती-फिरती विज्ञानशाला

रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को विद्यार्थियों के और करीब लाना है। चलती-फिरती विज्ञानशाला के माध्यम से स्कूलों तक वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और गतिविधियां पहुंचाई जाएंगी, जिससे बच्चे किताबों में पढ़े विज्ञान को प्रत्यक्ष प्रयोगों के जरिए समझ सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में अपने आसपास की दुनिया को जानने और समझने की स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। इस जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ विद्यार्थियों को स्वयं प्रयोग करने, सवाल पूछने और उनके वैज्ञानिक समाधान तलाशने का अवसर देगी।

उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक आज जीवन के लगभग हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे समय में विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के दौरान ही आधुनिक तकनीक और विज्ञान के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराना उनके भविष्य के लिए उपयोगी होगा। यह पहल बच्चों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकती है।

चार प्रमुख मॉड्यूल से जुड़ेंगे विद्यार्थी

‘साइंस ऑन व्हील्स’ के तहत विद्यार्थियों को चार प्रमुख विषयों पर प्रयोग और मॉडल के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिए बच्चों को ब्रह्मांड और अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी मिलेगी। रोबोटिक्स के माध्यम से नई तकनीकों और भविष्य के तकनीकी कौशल से परिचय कराया जाएगा।

इसी तरह सतत विकास मॉड्यूल के तहत पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। जल निस्पंदन के प्रयोगों के जरिए स्वच्छ जल, जल संरक्षण और जल से जुड़े वैज्ञानिक समाधानों को सरल तरीके से समझाया जाएगा।

वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर

इस पहल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रयोग दिखाना नहीं है, बल्कि उनमें विज्ञान और तकनीक के प्रति स्थायी रुचि विकसित करना है। गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से बच्चों में तार्किक सोच, समस्या समाधान, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

विशेष रूप से उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा, जहां आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों और प्रयोगशालाओं तक पहुंच सीमित है। स्कूलों तक विज्ञानशाला पहुंचने से विद्यार्थियों को सीखने का अधिक व्यावहारिक और रोचक अवसर मिलेगा।

तीन राज्यों में संचालित हो रही पहल

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ परियोजना छत्तीसगढ़ सहित पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी संचालित की जा रही है। छत्तीसगढ़ में इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को विज्ञान, नई तकनीक और नवाचार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *