नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पेपर लीक मामलों और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया।
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर 5 दिन के भीतर शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अगले शनिवार को फिर से जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यह प्रदर्शन करीब 5 घंटे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।
अमेरिका से सीधे पहुंचे जंतर-मंतर
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
सोनम वांगचुक की मौजूदगी से बढ़ी भीड़
प्रदर्शन में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की उपस्थिति से भीड़ और बढ़ गई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना सकारात्मक संकेत है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में ले जाना जरूरी है।
प्रदर्शन में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका भी मौजूद रहे, जो IIT कानपुर से पासआउट हैं और हाल ही में लंदन से भारत लौटे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और बॉर्डर पॉइंट्स पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।