चीन | मध्य चीन के शांक्सी प्रांत में शुक्रवार देर रात एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर दिया. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, किनयुआन काउंटी स्थित लियुशेनयु कोयला खदान में हुए धमाके में अब तक 90 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. हादसे के समय खदान के अंदर कुल 247 मजदूर काम कर रहे थे.
रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट से कुछ समय पहले खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का अलर्ट जारी किया गया था. इसके बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे खदान के भीतर अफरा-तफरी मच गई. कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अंदर ही फंस गए.
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए बचाव एजेंसियों को लापता मजदूरों की तलाश में हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों के इलाज में कोई कमी न रखने और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश भी दिया.
वहीं चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. सरकारी मीडिया के मुताबिक, उप प्रधानमंत्री झांग गुओकिंग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं.
शांक्सी प्रांत चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक क्षेत्र माना जाता है. हालांकि बीते कुछ वर्षों में चीन ने खदानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दावे किए हैं, लेकिन यह हादसा सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. इसे पिछले एक दशक में चीन का सबसे बड़ा कोयला खदान हादसा बताया जा रहा है.
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि इस हादसे से सबक लेते हुए देशभर में कार्यस्थलों पर सुरक्षा नियमों को और कड़ा किया जाना चाहिए. उन्होंने बारिश के मौसम को देखते हुए बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियां मजबूत करने पर भी जोर दिया.