तखतपुर | तखतपुर के प्रसिद्ध श्री गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में शुक्रवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन जब तक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, तब तक दुकान में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और खाद्य सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी। इस हादसे में दुकान संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि तखतपुर में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था होती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी याद दिलाया कि करीब दो वर्ष पहले तखतपुर में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हो सका। उनका कहना है कि हर आगजनी की घटना के बाद यह मुद्दा उठता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
घटना के बाद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। लोगों का कहना है कि आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है और इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।