रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी निवासी मीसाबंदी स्वर्गीय श्री शिवबालक साव के निवास पहुंचकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए स्वर्गीय श्री साव द्वारा किए गए संघर्ष, साहस और योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री शिवबालक साव के पुत्र श्री नारायण प्रसाद साव, श्री रामकुमार साव एवं श्री राधेश्याम साव सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मीसाबंदियों का संघर्ष लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आपातकाल के कठिन दौर में मीसाबंदियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अनेक कठिनाइयों और यातनाओं का सामना किया। उनका साहस, संघर्ष और त्याग देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि मीसाबंदियों ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे लोकतंत्र के सच्चे रक्षकों के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीसाबंदियों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करना हम सभी का दायित्व है।