रायपुर । जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, बगिया में आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। बड़ी संख्या में नागरिक इलाज, आर्थिक सहायता, शिक्षा, रोजगार और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी समस्याएं लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर दूर-दराज के क्षेत्रों से मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय पहुंचते हैं, इसलिए उनके प्रकरणों को पूरी गंभीरता के साथ लिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ शिकायतों के निराकरण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री की इस पहल से बगिया पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे सरकार के समक्ष रखने का अवसर पाया और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई।