मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, 62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा

रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी तट के श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

परोपकार और सेवा ही सबसे बड़ा धर्म

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और इसकी वास्तविक सार्थकता जरूरतमंदों की सहायता, परोपकार और समाज सेवा में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझकर उनकी मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

लोक संस्कृति के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति का उल्लेख करते हुए कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी पारंपरिक विधाओं को प्रदेश की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि सरकार लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे।

जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में मेडिकल की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता, श्री रामलला दर्शन योजना और भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से घर बैठे होगा समस्याओं का समाधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है। नागरिक बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, नामांतरण, आय, जाति, निवास और विवाह प्रमाण पत्र सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर 24 घंटे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से मोबाइल पर आवेदन कर घर बैठे शासकीय सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *