Thethinkmedia@raipur
नहीं दिखे वर्दीधारी, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री बने साक्षी
बीते दिन हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स अरुण कुमार पांडेय की बेटी की शादी थी। सोशल मीडिया में विरोधियों ने पांडेय के खिलाफ जमकर दुष्प्रचार किया। एक कथित लिस्ट जारी की गई, जिसमें कर्मचारियों की ड्यूटी का उल्लेख किया गया। लेकिन धरातल का नजारा कुछ और ही था। हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स अरुण पांडेय की बेटी की शादी में कोई भी वर्दीधारी वनकर्मी नजर नहीं आया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वनमंत्री केदार कश्यप, पूर्व वन मंत्री मोहम्मद अकबर समेत कई मंत्रीगण इस समारोह का हिस्सा बने। वैसे भी राजनीति करने वाले हर नेता के अंदर इतनी शुचिता होती है कि वह किसी की बेटी, माँ और परिवार को राजनीति का हिस्सा नहीं बनाते। यह भारतीय लोकतंत्र की एक स्वच्छ और सुंदर परंपरा रही है कि किसी के परिवार को राजनीति में नहीं घसीटा जाता। फिर चाहे बेटी किसी अफसर की हो, नेता की अथवा आम आदमी की।
सहृदयता से सब संभव
15 नवम्बर से राज्य में धान खरीदी चालू है, लेकिन इस महाअभियान को सफल बनाने वाले पटवारी हड़ताल पर थे। कहते है कि पटवारियों को हड़ताल समाप्त करने के लिए डराया गया, धमकाया गया। फिर भी वह नहीं डिगे, नहीं झुके। ईओडब्ल्यू का भी खौफ दिखाया गया तब भी पटवारी टस से मस नहीं हुये। दरअसल पटवारी किसानों का ही नहीं बल्कि नेताओं और अफसरों का भी जमीन नापने का काम करते हैं। पटवारियों को यह भली-भाँति पता होता है कि कौन-सा नेता अथवा अफसर जमीन में कहाँ कितना खपा रहा है। हालांकि इस बीच किसानों को प्रकृति के प्रकोप का भी शिकार होना पड़ा। पहले ‘अर्नव’ अब ‘अकवान’ ने तबाही मचा दी। जिस पर मुख्यमंत्री ने दो कदम आगे बढ़ाया और उनकी सहृदयता की वजह से पटवारियों ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया है। इस घटनाक्रम को देखकर यह समझा जा सकता है कि किसी को धमकाकर अथवा डराकर बात मनवाने से बेहतर है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तरह संवाद के माध्यम से हल निकाल लिया जाना उचित होता है।
उत्तरप्रदेश और राजस्थान में भाजपा को झटका, अब छत्तीसगढ़ की बारी
कुछ राज्यों में भारतीय जनता पार्टी का ग्राफ तेजी से गिर रहा है। दरअसल यह हम नहीं कह रहे, बल्कि तात्कालिक चुनावी परिणाम चीख-चीख कर हालात बयाँ कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में एमएलसी परिणाम में मिले झटके के बाद अब राजस्थान के पंचायत चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। इसी बीच उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1.27 करोड़ हिन्दू मतदाताओं का वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने का दावा किया है। योगी का यह दावा साफ इशारा कर रहा है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में सब ठीक नहीं चल रहा है। वास्तव में यदि इतनी बड़ी संख्या में हिंदू मतदाताओं के नाम उत्तरप्रदेश में काटे गए है तो यह आगामी विधानसभा में किसे नुकसान पहुँचाने वाला है? फिलहाल इस पर कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी। खैर उत्तरप्रदेश में एमएलसी परिणाम, राजस्थान में पंचायत चुनाव परिणाम के बाद अब छत्तीसगढ़ के कुछ जगहों में निकाय चुनाव होने जा रहे हैं, जो यहाँ के चुनावी मूड को समझने में मदद करेंगे। निकाय चुनाव में यहाँ भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहेगा, इससे बहुत कुछ राजनीतिक तस्वीर साफ होने लगेगी।
लफ़्फ़ाज़ भाजपा विधायक
छत्तीसगढ़ में एक ड्रामेबाज, लफ्फाज भाजपा विधायक इन दिनों जमकर चर्चा में है। दरअसल विधायक जी का कद इन दिनों मुख्यमंत्री से बड़ा हो चुका है। उन्हें सीएम से ज्यादा सुर्खियाँ बटोरने का चस्का चढ़ गया है। लेकिन उनकी यह सुर्खियां अब लफ्फाजी में तब्दील हो चुकी हैं। जो विधायक की छवि के साथ-साथ पार्टी की छवि को भी धूमिल करने का काम कर रही है। दरअसल इस लफ्फाज भाजपा विधायक ने एक सार्वजनिक वीडियो में दावा किया है कि वह दिवाली में 1200 पत्रकारों को मिठाई बाँटा है। यह बात अलग है कि किसी ने इस लफ्फाज विधायक से यह नहीं पूछा कि दुर्ग जिले में 1200 पत्रकार आये कहाँ से? खैर मुख्यमंत्री के पास जनसंपर्क विभाग है, उन्हें दुर्ग जनसंपर्क से पत्रकारों की वास्तविक संख्या मंगाकर विधायक जी से पूछना चाहिये की बाकि पत्रकारों की लिस्ट कहाँ है? विधायक जी के पास 1200 पत्रकार कहाँ से आये? क्योंकि इस बड़बोलेपन पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में यह पार्टी के लिए संकट खड़ा करने का काम करेगा।
सुबोध सीएस तो मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव का कौन?
मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एसीएस प्रमोट हो चुके हैं। सुबोध कुमार सिंह के पास सीएम सचिवालय चलाने का लंबा अनुभव है। वह बेहद सुलझे और शांत स्वभाव के अफसर हैं। लेकिन हर आईएएस अफसर का सपना होता है कि वह एक दिन चीफ सिकेट्री बने, जाहिर सी बात है सुबोध भी चाहेंगे कि उन्हें इसी कार्यकाल में सीएस बना दिया जाये। हालाँकि वर्तमान मुख्य सचिव विकासशील का कार्यकाल लंबा है। वहीं दूसरी ओर यह भी खबरें छनकर सामने आती रही हैं कि विकासशील लंबे समय तक सीएस की कुर्सी के लिए इच्छुक नहीं है। वास्तव में यदि भविष्य में ऐसे हालात बनेंगे तो सुबोध सिंह से बेहतर सीएस के लिए राज्य सरकार के पास कोई उपयुक्त विकल्प नहीं होगा। हालाकि एसीएस रेणु पिल्ले, ऋचा शर्मा, मनोज पिंगुआ सुबोध सिंह से सीनियर हैं। दरअसल ऋचा शर्मा, मनोज पिंगुआ और विकासशील यह तीनों अफसर 1994 बैच के अफसर हैं। ऐसे में आने वाले समय में शायद ही इन अफसरों को सुबोध के नाम पर आपत्ति हो? वहीं प्रशासनिक कार्यों से इतर पोलिटिकल पॉवर पीएस टू सीएम का भी काफी होता है। ऐसे में उस दौरान पीएस टू सीएम कौन होगा ? इसकी चर्चा अभी से छिड़ गई है।
कांग्रेस में खुलकर सामने आई अंतरकलह
सत्ता के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस में इन दिनों खुलकर अन्तरकलह सामने आई है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के बीच राजनीतिक लड़ाई और तेज हो चुकी है। भूपेश के एक पूर्व ओएसडी ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया है जिसमें कहा गया है कि ‘बाप तो बाप होता है’ अब यह निशाना देवेंद्र यादव पर साधा गया है अथवा किसी और पर? यह तो भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी ही जानेंगे। लेकिन इस पोस्ट के बाद कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। दरअसल यह पोस्ट तब सामने आया है जब नई लिस्ट में देवेंद्र यादव को जगह नहीं दी गई है। इस पोस्ट के बाद से कांग्रेस में खुलकर अंतर्कलह सामने आ गई है। तो वहीं पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने इसे ओएसडी का निजी विचार बताया है।
अवार्ड देने वाले ने मना किया या लेने वाले ने?
नगरीय प्रशासन विभाग में इन दिनों अवार्ड की बारिश हो रही है। इस बारिश की पहली फुहार रायपुर में हुई तो जलजला आ गया। शहरवासियों ने सिरे से खारिज कर दिया कि रायपुर अवार्ड के काबिल है। मीडिया में धडाधड़ शहर में बिखरे कचड़े की तस्वीरें छपने लगी। शहरवासी यह मानने को तैयार ही नहीं हुए कि रायपुर इस लायक है कि उसे साफ शहर का अवार्ड मिले। इसके ठीक पीछे स्वनिधि अवार्ड की राष्ट्रीय स्तर पर घोषणा हुई तो रायपुर का डब्बा गोल मिला। अब समझ नहीं आ रहा है कि अवार्ड देने वाले ने मना कर दिया अथवा माँगने वाले हिम्मत ही नहीं जुटा पाये?
हे ईश्वर
वर्तमान हालात देखकर यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि ज्यादातर भाजपा विधायकों को सत्ता का नशा चढ़ चुका है। अब यह नशा सिर चढ़कर बोलने भी लगा है, सरकारी मंच भी इस नशे से अछूते नहीं हैं। दरअसल साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू की फूहडता का एक वीडियो जनता के सामने वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग कह रहे हैं जिसे सिम्पैथी में जनता ने चुनाव जिताया था, वही अब छत्तीसगढ़ की मूल संस्कृति और भावनाओं से खेल रहा है? निश्चित तौर पर ऐसे वह तमाम विधायक जनता की उम्मीदों में पानी फेरते दिख रहे हैं, जिन्हें भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में किसी समीकरण विशेष के तहत चुनावी मैदान में उतारा था।
editor.pioneerraipur@gmail.com