रायपुर | रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि युवा कलाकार उत्तम साहू का चयन राष्ट्रीय सांस्कृतिक पहल “वन स्टेट वन आर्टिस्ट (OSOA)” के लिए हुआ, जहां उन्होंने हिमाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक टेराकोटा कला का प्रतिनिधित्व किया।
1 से 9 मई 2026 तक हिमाचल प्रदेश के नशाला में आयोजित इस विशेष पहल में देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 38 युवा लोक एवं पारंपरिक कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की लोक और पारंपरिक कला विरासत को संरक्षित करना तथा युवा कलाकारों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना था।
उत्तम साहू ने रायपुर की सांस्कृतिक पहचान मानी जाने वाली टेराकोटा कला को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करते हुए छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला परंपरा को देशभर के कलाकारों और दर्शकों तक पहुंचाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों के साथ कोलेबोरेटिव आर्टवर्क तैयार किए और कला कार्यशालाओं, सांस्कृतिक संवाद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस राष्ट्रीय पहल में छत्तीसगढ़ से अन्य युवा कलाकारों का भी चयन हुआ। इनमें सुरेंद्र सोनी ने प्रदेश की प्रसिद्ध लोक कला ढोकरा का प्रतिनिधित्व किया।
युवा आर्टिस्ट प्रकाश गर्ग द्वारा परिकल्पित OSOA पहल का उद्देश्य भारत की विविध लोक कला परंपराओं को युवाओं के माध्यम से नई पहचान देना और अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को एक साझा राष्ट्रीय मंच पर जोड़ना है।
पूर्ण रूप से प्रायोजित इस कार्यक्रम ने युवा कलाकारों को अपनी लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने, अन्य राज्यों की कला शैलियों को समझने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अनुभव प्राप्त करने का अवसर दिया।
उत्तम साहू का यह चयन न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की लोक कला परंपरा के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। यह साबित करता है कि राज्य के युवा कलाकार अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।