सिंगापुर में 3 से 6 अक्टूबर तक SING फोरम 2026 निवेश के लिए वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की दावेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर दौरे पर रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगा। फोरम में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, आईटी-आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और फार्मास्युटिकल्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

छत्तीसगढ़ और हरियाणा का हुआ चयन

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 के लिए छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया है। यह फोरम 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर में आयोजित होगा। यह SING Forum का पहला संस्करण है, जिसमें भारत और सिंगापुर के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत, निवेश संस्थानों और कारोबारी समूहों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

फोरम का उद्देश्य भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। छत्तीसगढ़ के लिए यह राज्य की औद्योगिक क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखने का अवसर होगा।

CEO राउंडटेबल में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय CEO राउंडटेबल में भी शामिल होंगे। यहां वे सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और वैश्विक कारोबारी समूहों के CEO एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति 2024-30, निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और वन-क्लिक सिंगल विंडो प्रणाली सहित राज्य में कारोबार के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी देंगे। राज्य की औद्योगिक विकास नीति में निवेश, उद्योगों के विकास, नवाचार और रोजगार सृजन पर जोर दिया गया है।

इन क्षेत्रों में निवेश पर रहेगा फोकस

सिंगापुर में होने वाली बैठकों में मुख्य रूप से इन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी—

  • इलेक्ट्रॉनिक्स

  • ऑटोमोबाइल

  • आईटी एवं आईटीईएस

  • ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC)

  • फार्मास्युटिकल्स

इन क्षेत्रों में निवेश के जरिए तकनीक आधारित औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। छत्तीसगढ़ में तकनीक और रोजगार आधारित औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हाल के वर्षों में IT और innovation infrastructure पर भी जोर दिया गया है।

कौशल विकास और हरित विकास पर भी होगी चर्चा

प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे से जुड़े प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेगा।

इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता के माध्यम से छत्तीसगढ़ में कुशल कार्यबल तैयार करने, प्राकृतिक विरासत के संरक्षण और सतत विकास से जुड़े अवसरों पर विचार किया जाएगा।

निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने SING Forum 2026 को छत्तीसगढ़ के लिए वैश्विक साझेदारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बताया है। उनके अनुसार, सिंगापुर यात्रा के दौरान राज्य में निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने और वैश्विक विशेषज्ञता व नवाचार से जुड़ने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

इस दौरे के जरिए छत्तीसगढ़ दक्षिण-पूर्व एशिया के कारोबारी और निवेश जगत से सीधे संवाद स्थापित करने तथा राज्य की औद्योगिक एवं निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास करेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *