BRICS 2026 में छत्तीसगढ़ का जलवा: रायपुर के सरकारी स्कूल की छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। रायपुर के पीजी उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय, शांति नगर का चयन BRICS 2026 स्कूल जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट शोकेस के लिए किया गया है। यह प्रदेश का एकमात्र विद्यालय रहा, जिसने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी परियोजना प्रस्तुत की।

22 जुलाई को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), तिरुपति में आयोजित कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के सामने विद्यालय की छात्राओं ने अपना प्रोजेक्ट प्रदर्शित किया। इस उपलब्धि पर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया।

‘Building Sponge City Together’ थीम पर तैयार किया प्रोजेक्ट

विद्यालय की छात्राओं ने ‘Building Sponge City Together’ विषय पर आधारित जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। इस प्रोजेक्ट में भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS), सैटेलाइट इमेजरी और मोबाइल मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया।

यह परियोजना संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य (SDG-6) यानी सभी के लिए स्वच्छ जल और स्वच्छता के उद्देश्य पर आधारित थी। छात्राओं ने शहरों में जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन के लिए तकनीक के उपयोग को प्रदर्शित किया।

कक्षा 7 और 8 की छात्राओं ने किया प्रतिनिधित्व

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विद्यालय की ओर से कक्षा 8 की छात्रा वार्तिका पाटिल और कक्षा 7 की छात्रा उमेश्वरी साहू ने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। दोनों छात्राओं को विद्यालय की शिक्षिका रीता मंडल ने मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च (BVIEER), पुणे के सहयोग से किया गया था।

विशेषज्ञों ने सराहा छात्राओं का नवाचार

प्रोजेक्ट में जल संरक्षण, शहरी विकास और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को दिखाया गया, जिसे विशेषज्ञों और कार्यक्रम में मौजूद प्रतिनिधियों ने सराहा।

विद्यालय की इस उपलब्धि से न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। यह सफलता प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *