रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल श्री डेका ने भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपए की सहायता राशि का चेक राज्यपाल श्री रमेन डेका को सौंपा। यह राशि असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री रमेन डेका 16 अगस्त को असम के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने असम में बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय एक-दूसरे के साथ खड़ा होना मानवीय संवेदना और आपसी सहयोग की भावना का परिचायक है। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी गई सहायता राशि बाढ़ प्रभावित परिवारों के राहत और पुनर्वास कार्यों में उपयोगी होगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और विधायक श्री पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।