छत्तीसगढ़ को मिला नया वन प्रमुख: IFS अरुण पांडेय बने PCCF, सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर |  छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी अरुण कुमार पांडेय को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) एवं वन बल प्रमुख नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

व्ही. श्रीनिवास राव की लेंगे जगह

अरुण पांडेय वर्तमान PCCF व्ही. श्रीनिवास राव का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। नए PCCF के चयन को लेकर हुई विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी।

DPC बैठक में हुआ फैसला

सूत्रों के मुताबिक, नए PCCF पद के लिए अरुण पांडेय के साथ अनिल साहू और कौशलेंद्र कुमार के नामों पर भी चर्चा हुई थी। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सरकार ने अरुण पांडेय को जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया।

कौन हैं अरुण कुमार पांडेय

1994 बैच के IFS अधिकारी अरुण कुमार पांडेय मूल रूप से अंबिकापुर के निवासी हैं। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा तीसरे प्रयास में पास की थी।

वन विभाग में उनके पास लंबा प्रशासनिक और फील्ड अनुभव है। वे राजनांदगांव, कोरबा और जशपुर जैसे जिलों में डीएफओ के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा इंद्रावती टाइगर रिजर्व में भी उन्होंने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।

वन विभाग को नई दिशा की उम्मीद

अरुण पांडेय की नियुक्ति को वन प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण और प्रशासनिक अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार को उनसे वन संरक्षण और पर्यावरणीय परियोजनाओं में बेहतर समन्वय की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *