छत्तीसगढ़: मिवान स्टील प्लांट में ब्लास्ट के बाद आग, प्रशासन और दमकल मौके पर सक्रिय

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद में मंगलवार सुबह मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उससे उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

वहीं, मंदिर हसौद थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट के भीतर टर्बाइन में लीकेज होने के कारण आग लगी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

फिलहाल प्रशासन घटना की विस्तृत जांच कर रहा है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *