महासमुंद । जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद ने महासमुंद विकासखंड के ग्राम झलप का दौरा कर पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों और स्व-निर्मित उत्पादों का भी अवलोकन किया।
सोलर दीदी काजल साहू के कार्य की सराहना
सीईओ सुश्री आनंद ने वात्सल्य महिला क्लस्टर संगठन, झलप के अंतर्गत वेंडर के रूप में कार्य कर रहीं सोलर दीदी काजल साहू के घर पहुंचकर पीएम सूर्य घर योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद काजल साहू ने अपने घर में 2 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया है।
सुश्री आनंद ने उनके प्रयास की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने तथा सोलर पैनल स्थापना के कार्य को व्यापक स्तर पर विस्तार देने के लिए प्रोत्साहित किया।
महिला समूहों के उत्पादों का किया अवलोकन
भ्रमण के दौरान सीईओ ने बिहान के जय भवानी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही बांस की हस्तकला सामग्री, अचार, बड़ी, पापड़, मसाले सहित विभिन्न स्व-निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया।
उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
नए बाजारों से जुड़कर आय बढ़ाने पर जोर
सुश्री अनुपमा आनंद ने बिहान समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने उत्पादों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें और नए बाजारों से जुड़कर आय के साधनों को मजबूत एवं विस्तारित करें। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बताया।
इस अवसर पर जिले से एपीओ त्रिवेणी, डीपीएम शिवदे सिंह, क्लस्टर संगठन की पदाधिकारी महिलाएं एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।