लोरमी में तिरंगे की शान, 14 गांवों में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

लोरमी । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में लोरमी क्षेत्र के 14 गांवों में भव्य मोटर साइकिल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गांवों की गलियां और चौक-चौराहे गूंज उठे। ग्रामीणों ने जगह-जगह तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोरमी के पुराना बस स्टैंड तहसील चौक झंझपुरी से तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। यात्रा डोंगरिया, उरईकछार, अखरार, सारिसताल, धनियाडोली, अमलडीही, गोड़खाम्ही और बोड़तराकला सहित विभिन्न गांवों से होते हुए हरदी, खेकतरा और खैरवार पहुंची और दाऊकापा में इसका समापन हुआ।

गांव-गांव दिखा देशभक्ति का उत्साह

मोटर साइकिलों पर लहराते तिरंगों के साथ निकली यात्रा ने ग्रामीण अंचलों में राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाया। जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगे के सम्मान में बढ़ता हर कदम राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देता नजर आया।

दाऊकापा में यात्रा के समापन अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।

लोरमी शहर भी तिरंगामय

उप मुख्यमंत्री श्री साव के नेतृत्व में लोरमी नगर में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। मानस मंच से शुरू हुई यात्रा मुंगेली चौक, हटरी चौक, नया बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौक और पुराना बस स्टैंड से होकर गुजरी। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प

श्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा वीर शहीदों को नमन करने और उनके बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी हम सभी की है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमें भी कदम से कदम मिलाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है। एक नागरिक एक कदम आगे बढ़ाएगा तो देश 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा।

तिरंगा यात्रा में लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुश्री रत्ना काटले, श्रीमती अनिता साहू, श्री धनीराम यादव और श्री ज्योतिनंदन दुबे सहित पार्षद, एल्डरमैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *