नई दिल्ली | सीबीएसई 12वीं की स्कैन कॉपी डाउनलोड करने वाला पोर्टल तकनीकी खराबी और कथित हैकिंग की आशंका को लेकर विवादों में आ गया है। पिछले कई दिनों से पोर्टल में लगातार दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे छात्र और अभिभावक परेशान हैं।
सोशल मीडिया पर कई छात्रों ने दावा किया है कि स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करते समय पोर्टल प्रति विषय 100 रुपये की जगह 8 हजार रुपये से लेकर 69,420 रुपये तक की फीस दिखा रहा था। छात्रों ने इसे लेकर स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं और पोर्टल के हैक होने की आशंका जताई है।
छात्रों का कहना है कि 19 मई को शुरू हुई स्कैन कॉपी आवेदन प्रक्रिया के दौरान पहले पोर्टल बार-बार बंद हुआ, फिर पेमेंट से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आने लगीं। कई छात्रों ने यह भी शिकायत की कि आवेदन सफल होने के बावजूद उन्हें पिछले तीन दिनों से अपनी आंसरशीट की स्कैन कॉपी नहीं मिली है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक सीबीएसई को टैग कर रहे हैं और आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण कई छात्र समय पर आवेदन और भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
इसी बीच सीबीएसई ने शुक्रवार सुबह बयान जारी कर कहा कि स्कैन कॉपी पोर्टल पूरी तरह से कार्यरत है और छात्रों, अभिभावकों व स्कूलों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। हालांकि, इसके कुछ ही समय बाद फिर से अतिरिक्त फीस और पोर्टल एरर की शिकायतें सामने आने लगीं।
फिलहाल बोर्ड की ओर से कथित हैकिंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन छात्रों के बीच भ्रम और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।