किरंदुल। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत किरंदुल नगर में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के वय वंदना कार्ड बनाने का विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। नगर के सभी वार्डों में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर पात्र बुजुर्गों का पंजीयन कर रही है, ताकि उन्हें योजना का लाभ आसानी से मिल सके।
इस अभियान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरंदुल के स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आरएचओ राम मूडमी, मितानिन प्रतिमा भट्टाचार्य, आशा मिस्त्री सहित क्षेत्र की समस्त मितानिनें सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। स्वास्थ्य टीम द्वारा बुजुर्गों को योजना की जानकारी देने के साथ कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी समझाई जा रही है।
बुजुर्गों को मिलेगा 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ
दंतेवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अक्टूबर 2024 में शुरू की गई आयुष्मान वय वंदना योजना का उद्देश्य 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र बुजुर्गों को आय वर्ग की परवाह किए बिना प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा सरकारी और योजना में शामिल निजी अस्पतालों में मिलती है।
कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड जरूरी
सीएमएचओ डॉ. रामटेके ने बताया कि वय वंदना कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में इलाज और दवाइयों का खर्च बुजुर्गों तथा उनके परिवारों के लिए चिंता का विषय बन जाता है। ऐसे में यह योजना वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने किरंदुल सहित जिले के सभी पात्र बुजुर्गों से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या मितानिन से संपर्क कर वय वंदना कार्ड अवश्य बनवाएं और योजना का लाभ उठाएं।
घर-घर पहुंचकर जागरूक कर रही स्वास्थ्य टीम
किरंदुल में वार्डवार चलाए जा रहे इस अभियान से बुजुर्गों को पंजीयन के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र वरिष्ठ नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे। अभियान के माध्यम से बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
आयुष्मान वय वंदना योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें जरूरत के समय बेहतर उपचार प्राप्त करने में सहायता मिल सकेगी।