भिलाई-रिसाली के 3 वार्डों के उपचुनाव रद्द, निर्वाचन आयोग ने लिया बड़ा फैसला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने भिलाई और रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों में प्रस्तावित उपचुनाव को निरस्त कर दिया है। यह फैसला शासन-प्रशासन पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक और प्रशासनिक भार को देखते हुए लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 02 रूआबांधा, वार्ड क्रमांक 39 पुरैना और भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 जुनवानी में पार्षदों के निधन के बाद सीटें रिक्त हुई थीं। इन सीटों पर उपचुनाव के लिए 11 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी, जबकि 1 जून को मतदान और 4 जून को मतगणना प्रस्तावित थी।

हालांकि, दोनों नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होना है और इसी वर्ष दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में महज पांच महीने के लिए चुनाव कराने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी।

मामले पर विचार करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव निरस्त करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद दुर्ग कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने तीनों वार्डों के उपचुनाव रद्द करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *