रायपुर। राज्य में खासकर राजधानी रायपुर में हरी सब्जियों की आवक बढ़ते ही इनके दामों में आई गिरावट से आम जनता ने राहत की सांस ली है। 80 से 100 रूपए प्रतिकिलो तक बिकने वाला टमाटर आज चिल्हर में 35 से 40 रूपए प्रतिकिलो तक बिक रहा है। जबकि सप्ताह भर पूर्व तक इसकी कीमत 60 से 80 रूपए प्रतिकिलो तक था। इसी तरह अन्य सब्जियों के दामों में भी गिरावट आई है।
राज्य में हरी सब्जियों की आवक बढ़ते ही राजधानी रायपुर सहित अन्य बड़े शहरों में हरी सब्जियों के दामों में गिरावट आनी शुरू हो गई है। नासिक, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, ओडिशा सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से छत्तीसगढ़ में हरी सब्जियों की आवक होती है। यहां के थोक व्यापारी नासिक व महाराष्ट्र से ज्यादा सब्जियां मंगाते हैं, वहीं यहां अत्यधिक मात्रा में होने वाले मुनगा, धनिया, बैंगन, ग्वांरफल्ली, सेमी जैसी हरी सब्जियों का निर्यात होता है।
मांग व आपूर्ति में आई गड़बड़ी के चलते तथा हाल ही में महाराष्ट्र के अमरावती सहित अन्य शहरों में बिगड़े कानूनी हालातों के बाद से ही हरी सब्जियों के दामों में अचानक वृद्धि हो गई थी। लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। महाराष्ट्र, ओडिशा से टमाटर की बंपर आवक ने इसके दाम घटा दिए है। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी बंपर पैदावार के चलते टमाटर की कीमतों में कमी आई है।