नई दिल्ली में 2 से 5 नवंबर तक होगा BRE Summit & Expo 2026 एक मंच पर होंगे तीन बड़े वैश्विक आयोजन

नई दिल्ली। भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (BRE Summit & Expo) 2026 का आयोजन 2 से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। इस बार पहली बार अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को एक ही मंच पर आयोजित किया जाएगा।

BRE Summit & Expo 2026 के साथ अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) असेंबली के 9वें सत्र और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (ICGH) का भी आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, इससे भारत को वैश्विक अक्षय ऊर्जा, सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र के लिए एक प्रमुख संवाद मंच के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने BRE Summit & Expo 2026 का उद्घाटन करने की सहमति दी है।

जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति विकसित भारत के प्रमुख स्तंभ के रूप में अक्षय ऊर्जा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और वैश्विक सतत विकास में उसके योगदान को दर्शाती है।

75 से अधिक देशों के 75,000 से ज्यादा प्रतिभागियों के जुटने की उम्मीद

आयोजकों के मुताबिक, चार दिवसीय समिट में 75 से अधिक देशों के 75,000 से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में अक्षय ऊर्जा की पूरी मूल्य श्रृंखला से जुड़े हितधारकों को एक मंच पर लाने की योजना है।

इसमें अक्षय ऊर्जा डेवलपर्स, प्रौद्योगिकी कंपनियां, उपकरण निर्माता, बैटरी स्टोरेज कंपनियां, ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र के विशेषज्ञ और कंपनियां, वित्तीय संस्थान, अंतरराष्ट्रीय संगठन तथा निवेशक शामिल होंगे।

34 देशों को BRE Summit के लिए निमंत्रण

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, BRE Summit & Expo को वैश्विक दृष्टिकोण के साथ डिजाइन किया गया है। इसके लिए 34 देशों को आमंत्रित किया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की असेंबली के लिए 128 देशों को आमंत्रित किया गया है

एक ही समय में आयोजित होने वाले इन तीन आयोजनों के माध्यम से सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, ऊर्जा भंडारण और अन्य अक्षय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों से जुड़े वैश्विक सहयोग, निवेश और तकनीकी संवाद को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *