रायपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छात्रों के हितों के नाम पर आंदोलन को राजनीतिक रंग दे दिया और निजी स्वार्थ के लिए छात्रों के मुद्दे की बलि चढ़ा दी।
रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में किरण सिंहदेव ने कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा का मंच है और छात्रों की समस्याओं पर वहीं गंभीर बहस होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन में चर्चा से बच रहा है और केवल हंगामा कर रहा है।
“छात्रों के हित में फैसले ले रही है सरकार”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने पेपर लीक मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस विषय पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और विपक्ष सदन के भीतर बहस नहीं करना चाहते।
कांग्रेस पर आंदोलन का स्वरूप बदलने का आरोप
किरण सिंहदेव ने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन को कांग्रेस ने राजनीतिक दिशा दे दी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पत्रकारों पर हमले और प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर विषयों पर सड़क की बजाय संसद में चर्चा होनी चाहिए।
घेराव और पथराव पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यालय के घेराव को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन अनुशासित था, जबकि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पथराव जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने सवाल किया कि प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पत्थर कैसे पहुंचे और इसकी जांच होनी चाहिए।
विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप
किरण सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है, जबकि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रहा है।