रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की बढ़ती नजदीकियों को लेकर भाजपा ने निशाना साधा है। दोनों नेताओं के लगातार एक साथ दिखाई देने और दौरों को लेकर प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसा है।
‘बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं’ – मंत्री नेताम का तंज
मंत्री रामविचार नेताम ने भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की मुलाकातों पर चुटकी लेते हुए कहा कि “बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं, नट-बोल्ट वाले कड़कनाथ भी खिलाएं।” उन्होंने कहा कि दिल मिले या न मिले, लेकिन आंखें जरूर मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष बनाए या राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दे, यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। भाजपा को इससे कोई लेना-देना नहीं है।
‘दोनों हनीमून मना रहे हैं’ – विधायक पुरंदर मिश्रा
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी कांग्रेस नेताओं की नजदीकियों पर तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2018 में हनीमून की सरकार बनी थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों नेता हनीमून मना रहे हैं।
उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है।
UCC को लेकर कांग्रेस पर निशाना
मंत्री रामविचार नेताम ने समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए UCC को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि UCC से आदिवासी, एसटी-एससी वर्ग के आरक्षण और अधिकारों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सभी वर्गों के अधिकार संविधान के अनुसार सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
विकास कार्यों के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर नेताम ने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल को भूल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान विपक्षी विधायकों के साथ भेदभाव किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायकों को योजनाओं का समान लाभ दे रही है। कांग्रेस के आरोप तथ्यहीन और बेबुनियाद हैं।
भाजपा नेताओं के इन बयानों के बाद भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव की सक्रियता को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।