हमीरपुर | उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में नाली निर्माण और जल निकासी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) की दो महिला नेता आमने-सामने आ गईं। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच सड़क पर धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला कुरारा कस्बे के एक मोहल्ले का है। यहां नाली निर्माण और पानी की निकासी को लेकर बीजेपी की मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर और सपा की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माया वाल्मीकि के बीच विवाद हुआ।
नाली निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद
माया वाल्मीकि का आरोप है कि आशा रानी कबीर बुलडोजर लेकर उनके घर के पास पहुंचीं और उनके मकान के नीचे बनी एजिंग को तुड़वाने लगीं। उन्होंने इसका विरोध करते हुए पानी की निकासी के लिए दूसरा रास्ता बनाने की बात कही।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।
सपा नेता ने लगाया घर में घुसकर मारपीट का आरोप
माया वाल्मीकि का आरोप है कि बीजेपी चेयरमैन और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। उनका दावा है कि जब वह बचने के लिए घर के अंदर गईं तो कुछ लोग कथित तौर पर घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट व अभद्रता की।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बीजेपी चेयरमैन ने लगाए पलटवार वाले आरोप
वहीं, आशा रानी कबीर ने माया वाल्मीकि की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि मोहल्ले में जलभराव की समस्या थी और स्थानीय लोग इससे परेशान थे। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में सांप निकलने की शिकायतें मिल रही थीं। लोगों के बुलाने पर वह जल निकासी की व्यवस्था देखने पहुंची थीं।
आशा रानी कबीर का आरोप है कि माया वाल्मीकि और उनके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की और उन पर हमला किया। उनका दावा है कि नाली निर्माण का काम रोकने के लिए विवाद किया गया।
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट और हमले के आरोप लगाए गए हैं। वायरल वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और घटना के दौरान हुई मारपीट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।