रांची। नीट पेपर लीक और जेपीएससी विवाद को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। गुरुवार को रांची में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर टकराव हुआ। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पत्थर फेंके। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप कर हालात काबू में करने पड़े।
जानकारी के मुताबिक, नीट पेपर लीक मामले और सीजेपी प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था। कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान से मार्च निकालते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। पुलिस ने कार्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। दूसरी ओर भाजपा कार्यालय के बाहर पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया।
अंडे-टमाटर के बाद हुआ पथराव
कुछ देर बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर फेंके जाने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना में कई मीडियाकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल तैनात किया। ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, एसडीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की।
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव कर वापस लौट गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भी मौके से हट गए।
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को भाजपा ने जेपीएससी कथित अनियमितताओं और भर्ती मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय का प्रदर्शन किया, जिसके दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच यह टकराव हुआ।