बिलासपुर की एंजेल चौकसे बनीं Mrs. India International Queen 2026, बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

बिलासपुर |  छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने Mrs. India International Queen 2026 का खिताब जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के बाद उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने संयुक्त परिवार, पति और परिजनों के विश्वास, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन को दिया।

दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन सहित विभिन्न देशों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कई चुनौतीपूर्ण राउंड से गुजरना पड़ा, जिनमें एंजेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

एंजेल ने बताया कि कॉलेज के दिनों में Miss Home Science का खिताब जीतने के बाद से ही उनका सपना बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का था। हालांकि पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते यह सपना कुछ समय के लिए पीछे छूट गया। बाद में पति और परिवार के सहयोग से उन्होंने 42 वर्ष की उम्र में अपने सपने को फिर से जीने का निर्णय लिया।

उन्होंने लगभग एक वर्ष तक फिटनेस, ग्रूमिंग, कैटवॉक, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की। इसी समर्पण और तैयारी का परिणाम रहा कि उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई और Mrs. India International Queen 2026 का प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया।

एंजेल चौकसे की इस सफलता से बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि उन महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को भी साकार करना चाहती हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *