बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में मचाया तूफान, जीते एक साथ कई अवॉर्ड

पटना। दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग आईपीएल 2026 का समापन हो चुका है। खिताबी मुकाबले में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। हालांकि पूरे सीजन में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह रहे बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी

महज 15 वर्ष की उम्र में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव ने अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

ऑरेंज कैप के साथ बनाए 776 रन

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने 16 मैचों में 237.31 की शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने सीजन के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में ऑरेंज कैप अपने नाम की।

पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से 72 छक्के और 63 चौके निकले। 72 छक्कों का आंकड़ा आईपीएल के एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्कों में शामिल हो गया। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक और 1 शतक भी जड़ा। खास बात यह रही कि अपनी अंतिम दो पारियों में वह 97 और 96 रन बनाकर शतक से चूक गए।

एक साथ जीते कई बड़े पुरस्कार

समापन समारोह में वैभव सूर्यवंशी को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्होंने ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए।

शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें नकद पुरस्कार के साथ एक टाटा सिएरा कार भी प्रदान की गई।

इंटरव्यू में दिखा मजाकिया अंदाज

पुरस्कार समारोह के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर रवि शास्त्री से बातचीत में वैभव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, “सर, मैं आजकल दूध नहीं पी रहा हूं।” उनके इस जवाब पर समारोह में मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।

उन्होंने कहा कि हर मैच अलग होता है और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना ही सफलता की कुंजी है।

टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना

वैभव ने भविष्य में टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा भी जाहिर की। उनका कहना है कि रेड-बॉल क्रिकेट उन्हें बेहद पसंद है और वह देश के लिए लंबे प्रारूप में भी खेलना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीम प्रबंधन, कोचिंग स्टाफ और सीनियर खिलाड़ियों से मिले समर्थन को दिया।

बिहार के खिलाड़ियों ने भी छोड़ी छाप

वैभव के अलावा बिहार के अन्य खिलाड़ियों ने भी आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया।

  • मुकेश कुमार ने दिल्ली की टीम के लिए 10 मैचों में 17 विकेट हासिल किए।
  • साकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू सीजन में 11 मैचों में 15 विकेट चटकाए।
  • अनुकूल राय ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 14 मैचों में 9 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की।

आईपीएल 2026 बिहार क्रिकेट के लिए यादगार साबित हुआ, जहां युवा प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *