रायपुर/जांजगीर-चांपा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। एकीकृत बाल विकास परियोजना बलौदा के सेक्टर खिसोरा-34 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और अभिभावकों को बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल चलो अभियान के तहत बालिकाओं को नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया गया। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें, ताकि उनका भविष्य बेहतर बन सके।
इस अवसर पर शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं जैसे छात्रवृत्ति, निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों, मध्याह्न भोजन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही बालिकाओं को नियमित अध्ययन, विद्यालय में सतत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरी बालिकाओं, उनके अभिभावकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान से बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और स्कूल छोड़ने वाली बच्चियों की संख्या में कमी आएगी।