बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में VIP मूवमेंट के चलते एक आम नागरिक के सड़क पर विरोध करने का मामला सामने आया है। यह घटना 1 जून की सुबह ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर हुई, जहां गवर्नर के काफिले के कारण ट्रैफिक रोक दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, गवर्नर थावरचंद गहलोत के काफिले के लिए पुलिस ने रास्ता बंद कर दिया था। इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी गर्भवती पत्नी के साथ कार में फंसा हुआ था। लंबा इंतजार करने के बाद उसका धैर्य जवाब दे गया और उसने सड़क के बीच बैठकर विरोध शुरू कर दिया।
शख्स का कहना था कि उनकी पत्नी गर्भवती है और वे जरूरी काम के लिए जा रहे थे, लेकिन ट्रैफिक लंबे समय तक रोके जाने से उन्हें भारी परेशानी हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सिर्फ VIP लोगों की ही प्राथमिकता होती है और आम नागरिकों की कोई अहमियत नहीं है।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को संभालने और व्यक्ति को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। कुछ देर बाद पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर और पेट्रोलिंग वाहन की मदद से रास्ता खाली कराया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें व्यक्ति सड़क पर बैठकर विरोध करता हुआ और पुलिस द्वारा उसे समझाते हुए देखा जा सकता है।
यह मामला एक बार फिर शहरों में VIP मूवमेंट के दौरान आम जनता को होने वाली परेशानी और ट्रैफिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहा है।