रायपुर | दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय, बिलासपुर में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश श्री सिराजुद्दीन कुरैशी और अन्य माननीय न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को निम्नलिखित उपकरण प्रदान किए गए:
- 02 अस्थि बाधित दिव्यांगजन: बैटरी चालित ट्रायसाइकिल
- 02 दृष्टिबाधित दिव्यांगजन: स्मार्ट केन
- 02 श्रवण बाधित दिव्यांगजन: श्रवण यंत्र
सहायक उपकरण प्राप्त कर हितग्राहियों ने अपनी खुशी जाहिर की और इसे अपने दैनिक जीवन को सरल और आत्मनिर्भर बनाने वाला महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के कल्याण और पुनर्वास हेतु संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। उपस्थित अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर प्रदान करने के लिए शासन लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।