रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सीआरपीएफ की 211वीं वाहिनी ने नया रायपुर, अभनपुर, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव सहित विभिन्न स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन के मार्गदर्शन में आयोजित इस यात्रा के दौरान जवानों ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत थनौद, नया रायपुर स्थित 211वीं वाहिनी मुख्यालय से हुई। अधिकारियों और जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा शुरू की। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने जवानों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
हर घर तिरंगा लगाने का दिया संदेश
सीआरपीएफ की तिरंगा यात्रा श्री रावतपुरा सरकार चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, बालको मेडिकल सेंटर, शासकीय हाई स्कूल ठेलकाबांधा, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव पहुंची। इन स्थानों पर जवानों ने बड़ी संख्या में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए और लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर गर्व के साथ अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
बच्चों और युवाओं में दिखा उत्साह
राजिम के पंडित रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और स्वागत कार्यक्रम के माध्यम से सीआरपीएफ जवानों का अभिनंदन किया। विद्यालय के इको क्लब के विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष चार लाख सीड बॉल तैयार किए हैं और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।
फिंगेश्वर के शासकीय ठाकुर दलगंजन हायर सेकेंडरी स्कूल में कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और देशसेवा की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने सीआरपीएफ जवानों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया।
गुरुजनों से लिया आशीर्वाद
जामगांव के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में कमान्डेंट डॉ. टंडन ने अपने गुरु श्री कुमार निषाद से आशीर्वाद लिया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम ही देश को मजबूत बनाने की आधारशिला हैं।
राष्ट्रप्रेम और जनजागरूकता का संदेश
सीआरपीएफ 211वीं वाहिनी की तिरंगा यात्रा का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं और बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना रहा। यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह पैदा किया और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने सभी संस्थानों, नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेकेंड कमांडेंट श्री प्रज्ञेश कुमार अटल, डिप्टी कमांडेंट श्री इकबाल अहमद, असिस्टेंट कमांडेंट श्री अनिल कुमार राय सहित सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा ने नागरिकों को यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।