जांजगीर-चांपा । गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जांजगीर-चांपा जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने महानदी के तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने महानदी के तटीय एवं संवेदनशील क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण कर जलस्तर, नदी के बहाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों से फीडबैक लेकर आवश्यकता के अनुसार राहत और बचाव से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
शिवरीनारायण में बचाव दल तैनात
संभावित बाढ़ या जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की दो टीमों को तैयार रखा गया है। एक टीम को मोटर बोट और आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है।
इसके अलावा SDRF बिलासपुर से लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं बचाव दल को तत्काल बुलाया जा सके।
घाट और पुलों पर बैरिकेडिंग, पुलिस बल तैनात
कलेक्टर और एसपी ने शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल, सांस्कृतिक भवन और बसंतपुर बैराज समेत कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों और पुलों पर बैरिकेडिंग की गई है और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अधिकारियों को नदी के जलस्तर और बहाव की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी पुल या पुलिया पर पानी का बहाव आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण होता है, तो तत्काल यातायात नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर आवागमन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
तटीय गांवों में मुनादी के निर्देश
महानदी के किनारे बसे गांवों और पूर्व में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ग्रामीणों को संभावित जलभराव और सुरक्षा उपायों की जानकारी मुनादी के माध्यम से देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पहले से चिन्हित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा है।
प्रशासन की लोगों से अपील
कलेक्टर और एसपी ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। पानी के तेज बहाव के पास सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए जोखिम न उठाएं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
किसी भी आकस्मिक या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
फिलहाल स्थिति सामान्य
जिला प्रशासन के मुताबिक वर्तमान में जिले की स्थिति सामान्य है। हालांकि एहतियात के तौर पर महानदी के तटीय क्षेत्रों, पुल-पुलियों और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, एसडीएम भावना साहू समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।