राजनांदगांव रेंज के नए IG अजय यादव ने संभाला पदभार, बेसिक पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस

राजनांदगांव  |  भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अजय यादव ने सोमवार को राजनांदगांव रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने रेंज अंतर्गत आने वाले राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

आईजी अजय यादव ने बैठक में क्षेत्र की अपराध स्थिति, अपराधों के पैटर्न और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण, अपराधियों की धरपकड़ और बेहतर अनुसंधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि रेंज में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन में किसी भी तरह की लापरवाही या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आईजी अजय यादव ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर पूरे रेंज की स्थिति को समझा है और अपराध के स्वरूप एवं चुनौतियों की समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले की जरूरत के अनुसार पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में वे स्वयं रेंज के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे और मैदानी स्तर पर पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लेंगे। उनका लक्ष्य जनता की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाना तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।

गौरतलब है कि राजनांदगांव रेंज में तीन जिले शामिल हैं, जिनकी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी अब आईजी अजय यादव के नेतृत्व में रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *