AI ने खोला हत्या का राज: मास्क में छिपे आरोपियों की ऐसे हुई पहचान, जांच में बड़े खुलासे

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर देबोस्मिता पाल हत्याकांड की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक यह हत्या अचानक हुए विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि आरोपी रामप्रसाद दास ने करीब 6 महीने तक इसकी तैयारी की थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रोफेसर के घर, उनकी दिनचर्या और सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था की पहले से रेकी की थी। इसके बाद वह अपनी पत्नी और नाबालिग बेटे के साथ पश्चिम बंगाल से करीब 1400 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंचा और कथित तौर पर योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया है कि पूरा मामला पश्चिम बंगाल के बर्धमान स्थित पैतृक संपत्ति विवाद से जुड़ा था। आरोपी वर्ष 2023 में देबोस्मिता पाल की संपत्ति में किरायेदार के रूप में रहने लगा था। बाद में उसने पूरी संपत्ति पर कब्जे की कोशिश की और प्रोफेसर पर मकान बेचने का दबाव बनाया।

पुलिस के मुताबिक, संपत्ति बेचने से इनकार करने और मकान खाली करने की चेतावनी के बाद विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

व्हाट्सएप से संपर्क, फिर दिल्ली पहुंचा आरोपी

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने 1 जून को व्हाट्सएप के जरिए प्रोफेसर से संपर्क किया था। 3 जून को वह पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली आया। होटल में रुकने के बाद वह वसुंधरा एनक्लेव स्थित प्रोफेसर के घर पहुंचा।

आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हमला कर दिया। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदलने और रास्ते बदलने की बात भी जांच में सामने आई है।

AI तकनीक से हुई पहचान

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान की। मास्क पहने होने के कारण शुरुआती फुटेज में चेहरा साफ नहीं दिख रहा था, लेकिन AI आधारित विश्लेषण से संदिग्धों की पहचान में मदद मिली।

इसके बाद मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया।

घर से मिले कई संदिग्ध सामान

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से रेलवे टीसी की वर्दी, नकदी, महंगी घड़ियां और प्रोफेसर की कार की तस्वीरें मिली हैं। पुलिस इन सभी चीजों की जांच कर रही है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ ठगी से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी और उसकी पत्नी को दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *