शाहरुख-पवन कल्याण के बाद अब ऋतिक को मिला ‘जेलर 2’ का ऑफर, रजनीकांत संग दिख सकते हैं स्क्रीन पर

मुंबई। सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। अब फिल्म को लेकर बड़ी खबर सामने आई है कि जिस खास कैमियो रोल को पहले शाहरुख खान और फिर पवन कल्याण ने ठुकरा दिया था, वह अब बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन को ऑफर किया गया है। बताया जा रहा है कि मेकर्स और ऋतिक के बीच इस भूमिका को लेकर बातचीत जारी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में एक दमदार पुलिस ऑफिसर का कैमियो रखा गया है, जिसकी एंट्री फिल्म के सबसे अहम मोड़ पर होगी। यह किरदार रजनीकांत के किरदार का राजदार बताया जा रहा है, जो मुश्किल समय में उनकी मदद करेगा।

इससे पहले खबरें थीं कि ‘जेलर 2’ में शाहरुख खान एक्सटेंडेड कैमियो करने वाले हैं। फिल्म में काम कर रहे मिथुन चक्रवर्ती ने भी एक इंटरव्यू में शाहरुख के कैमियो की पुष्टि की थी। मेकर्स ने शाहरुख से करीब पांच दिन की शूटिंग डेट मांगी थी और उनका हिस्सा चंडीगढ़ की एक कार क्रशिंग फैक्ट्री में शूट होना था। हालांकि शूटिंग शुरू होने से पहले ही शाहरुख ने फिल्म से दूरी बना ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहरुख के इनकार की वजह उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि ‘किंग’ में उनका नया सॉल्ट एंड पेपर लुक होगा और वह फिल्म रिलीज होने से पहले अपना लुक सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे। ‘किंग’ दिसंबर 2026 में रिलीज होनी है, जबकि ‘जेलर 2’ को सितंबर रिलीज के लिए तैयार किया जा रहा है।

शाहरुख के बाद मेकर्स ने आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और अभिनेता पवन कल्याण से संपर्क किया, लेकिन व्यस्त राजनीतिक जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने भी यह ऑफर ठुकरा दिया। इसके बाद अब ऋतिक रोशन का नाम सामने आया है।

बताया जा रहा है कि ऋतिक ने फिल्म का कॉन्सेप्ट सुन लिया है और शुरुआती चर्चाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक किसी तरह का आधिकारिक पेपरवर्क नहीं हुआ है। फिलहाल ऋतिक किसी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त नहीं हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि यदि सबकुछ ठीक रहा तो वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि ऋतिक रोशन पहले भी रजनीकांत के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म ‘भगवान दादा’ में रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर की थी।

फिल्म की रिलीज डेट को देखते हुए मेकर्स जल्द से जल्द इस कैमियो रोल के लिए अभिनेता फाइनल करना चाहते हैं। माना जा रहा है कि यदि जल्द फैसला नहीं हुआ तो फिल्म की सितंबर रिलीज पर असर पड़ सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *