पुलिस रेड के दौरान अफ्रीकी महिला की मौत; स्वरूप नगर फ्लैट में ड्रग्स निर्माण का खुलासा

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में ड्रग्स मामले की जांच के दौरान एक विदेशी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दक्षिण अफ्रीकी मूल की महिला ने कथित तौर पर बालकनी से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में संदिग्ध रसायन, एमडीएमए और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि फ्लैट में अवैध ड्रग्स प्रोसेसिंग या निर्माण से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं।

NDPS केस की जांच के दौरान हुई कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच के दौरान की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर स्थित एक फ्लैट से मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

बुराड़ी थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद मिले इनपुट के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड टीम ने फ्लैट पर छापा मारा था।

आरोपी गिरफ्तार, ड्रग्स बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान रोमियो उर्फ स्काई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 30 ग्राम MDMA और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है।

जांच के दौरान इमारत में रहने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

फ्लैट से मिला ‘ड्रग्स लैब’ का सामान

तलाशी में पुलिस को फ्लैट से कई संदिग्ध चीजें मिलीं। इनमें केमिकल, बीकर, पाइप, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन, फ्लास्क, डिस्टिलेशन यूनिट, हीटिंग उपकरण और अन्य लैब सामग्री शामिल है।

पुलिस के अनुसार, मौके से करीब 192 ग्राम MDMA, लगभग 100 लीटर संदिग्ध केमिकल, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, अन्य रसायन और बड़ी मात्रा में संदिग्ध पदार्थ बरामद किए गए हैं।

महिला की मौत की भी जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने किन परिस्थितियों में छलांग लगाई। मामले की जांच के लिए क्राइम टीम और FSL टीम को भी शामिल किया गया है।

बरामद सभी सामान को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *