रायपुर | छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली और प्रेरणादायी बच्चों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के योग्य बच्चों, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक नामांकन भेजने की अपील की है।
यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने कम उम्र में वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
5 से 18 वर्ष के बच्चे कर सकते हैं आवेदन
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बच्चे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
बच्चे स्वयं अपना आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अभिभावक, स्कूल, सामाजिक संस्थाएं और अन्य लोग भी योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं।
राष्ट्रपति प्रदान करते हैं सम्मान
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश के सर्वोच्च बाल सम्मानों में शामिल है। यह सम्मान भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है। पुरस्कार के माध्यम से असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों वाले बच्चों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया जाता है।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगा आवेदन
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि सभी आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक आवेदक निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकते हैं।
अधिक जानकारी और आवेदन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।