कांकेर। जिले में बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क किया जा रहा है।
यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार, बच्चों की उम्र 5 वर्ष पूरी होने के बाद पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट और 15 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद दूसरा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी है।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिन बच्चों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर नहीं हो पाया है, उनके लिए यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं इसके बाद अपडेट कराने पर 125 रुपये शुल्क निर्धारित है।
अभियान के तहत स्कूलों में लगाए जा रहे शिविरों के माध्यम से बच्चों का आधार अपडेट किया जा रहा है, ताकि उन्हें भविष्य में स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, केवाईसी और अन्य आधार आधारित सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि जिन बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, वे अपने नजदीकी आधार केंद्र या विशेष शिविर में पहुंचकर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराएं।