पुंछ/बारामूला। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना ने तलाशी अभियान के दौरान 7 संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) और 7.62 मिमी लाइट मशीन गन (LMG) की एक मैगजीन बरामद की है। खुफिया सूचना के आधार पर 156 टेरिटोरियल आर्मी और 37 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम ने कासबलारी गांव के पास यह अभियान चलाया।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान भूरे टेप से लिपटे 6 कंटेनर और नीले टेप से लिपटा एक कंटेनर मिला। इसके अलावा एक संदिग्ध मैगजीन कंटेनर, काला बैग, कॉम्बैट पाउच, पावर अडैप्टर, बिजली का स्रोत, एल्युमिनियम कंटेनर और टिफिन भी बरामद किए गए। बरामद संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है।
बारामूला में एक दिन पहले 2 संदिग्ध गिरफ्तार
इससे एक दिन पहले, 22 अक्टूबर को बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने दो संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों के अनुसार, दोनों सोपोर के चिंकीपोरा इलाके के रहने वाले हैं और उन पर आतंकियों तक हथियार व विस्फोटक पहुंचाने में मदद करने का शक है।
खुफिया जानकारी के आधार पर 52 राष्ट्रीय राइफल्स और बारामूला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर डेलिना घाट के पास डारपुरा नर्सरी इलाके से दोनों को पकड़ा। उनके पास से तुर्की में बनी कनिक पिस्टल, 10 कारतूस वाली मैगजीन, दो IED और कुछ नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच जारी है।
60 दिनों में 18 संदिग्ध मददगार गिरफ्तार
रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में पिछले 60 दिनों के दौरान 18 संदिग्ध आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षाबल खुफिया सूचनाओं के आधार पर विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के साथ संदिग्ध नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पहले भी बरामद हो चुके हैं हथियार और विस्फोटक
जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों में हाल के महीनों में सुरक्षाबलों ने कई तलाशी अभियानों के दौरान हथियार, कारतूस, हैंड ग्रेनेड और IED बरामद किए हैं। कुपवाड़ा, शोपियां, पुलवामा और सोपोर में भी संदिग्ध आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां और बरामदगी हुई हैं।
फिलहाल पुंछ में मिली संदिग्ध वस्तुओं की प्रकृति और उनके संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है।