रायगढ़ के रामभांठा में 75 लाख रुपये से बनेगा नया स्कूल भवन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को रायगढ़ के रामभांठा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन स्कूल भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि वित्त मंत्री ने विद्यालय के शाला नायक सुमन के हाथों नए भवन का भूमिपूजन कराया। उन्होंने विद्यार्थी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह जीवन में इतनी ऊंचाइयां हासिल करें कि भविष्य में उनसे भी बड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन करने का अवसर मिले। मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

शिक्षा ने बदली जिंदगी, विद्यार्थियों को मेहनत करने की दी प्रेरणा

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अपने जीवन के संघर्षों और शिक्षा के महत्व को साझा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी व्यक्ति, समाज, प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। बेहतर शिक्षा से ही जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि उनका जन्म रायगढ़ से लगभग 17 किलोमीटर दूर बायंग गांव में हुआ था। जब वह आठ वर्ष के थे, तब उनके पिता का निधन हो गया। उनकी माता केवल चौथी कक्षा तक पढ़ी थीं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा और मेहनत के बल पर उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान हासिल किया और आज प्रदेश के वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक के रूप में जनसेवा कर रहे हैं।

मंत्री चौधरी ने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मेहनत, लगन और शिक्षा के सहारे बड़े से बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

10वीं से 12वीं तक हुआ विद्यालय का उन्नयन

वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 में रामभांठा विद्यालय को हाई स्कूल से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रूप में उन्नत किया गया था। पहले यहां केवल दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की सुविधा थी, लेकिन अब बारहवीं तक शिक्षा उपलब्ध होने से रामभांठा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाला नया स्कूल भवन विद्यालय की अधोसंरचना को मजबूत करेगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शिक्षकों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज और राष्ट्र की प्रगति में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य नरेंद्र पटेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *