रायपुर | मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए नया रायपुर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपनी माँ के नाम पर पीपल का पौधा लगाया। इसके साथ ही प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत हुई, जिसके तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है और पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। नागरिकों से उन्होंने अपने घर, खेत, विद्यालय, कार्यस्थल या आसपास उपलब्ध स्थान पर अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते तापमान और प्रदूषण से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प का भी उल्लेख करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान केवल वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में लगभग 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं और नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आग्रह किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।