बंगाल | पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए 1 जून 2026 से सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा योजना लागू करने का आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने चुनावी वादा पूरा करते हुए महिलाओं को राज्य संचालित बसों में बिना किराया सफर की सुविधा देने का फैसला किया है।
परिवहन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह योजना राज्य की छोटी और लंबी दूरी की सभी सरकारी बस सेवाओं पर लागू होगी। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आवाजाही को आसान बनाना और उन्हें अधिक आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण देना है।
योजना के तहत महिलाओं को QR कोड आधारित स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके लिए लाभार्थियों को अपने क्षेत्र के BDO या SDO कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, स्कूल/कॉलेज आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जब तक स्मार्ट कार्ड जारी नहीं होते, तब तक महिलाएं किसी भी वैध फोटो पहचान पत्र के जरिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। बस कंडक्टर द्वारा उन्हें ‘जीरो वैल्यू टिकट’ जारी किया जाएगा।
सरकार का दावा है कि यह योजना महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और रोजमर्रा की यात्रा को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।