जावर माइंस में 37वां खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह आयोजित

उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक के जावर समूह की खदानों में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले इस कार्यक्रम में सतत खनन, खनिज संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

जावर समूह की मोचिया, जावरमाला, बरोई और बलारिया खदानों में पौधारोपण अभियान, पोस्टर प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम हुए। कर्मचारियों और व्यावसायिक साझेदारों को दैनिक कार्यों में पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणालियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, खनिजों के जिम्मेदार उपयोग और सतत खनन जैसे विषयों पर रचनात्मक संदेश प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के तहत भारतीय खान ब्यूरो द्वारा नियुक्त निरीक्षण दल ने जावर की विभिन्न खदानों का दौरा किया। दल को हिंदुस्तान जिंक की खनन गतिविधियों, पर्यावरण प्रबंधन और खनिज संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। निरीक्षण दल में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अवशेष छतबार और अनिरुद्ध कुमावत तथा जेके सीमेंट के आशीष डाबी शामिल रहे।

इस अवसर पर ध्वजारोहण, पर्यावरण संरक्षण की शपथ और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सप्ताह का समापन पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं और पर्यावरण व खनिज संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

हिंदुस्तान जिंक इन गतिविधियों के माध्यम से जिम्मेदार खनन, प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *