रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के नेतनागर गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा गांव की जरूरतों और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
जन चौपाल में श्री चौधरी ने कहा कि गांवों के विकास की योजना बनाते समय वहां रहने वाले लोगों की राय और जरूरतों को समझना बेहद जरूरी है। जन चौपाल ग्रामीणों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में स्वीकृत विकास कार्यों से गांवों में विकास की गति तेज हुई है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों की रोजमर्रा की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से निरंतर संवाद और उनकी सहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जाएगी। सरकार गांवों के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री चौधरी ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।