रायपुर । छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है। इस साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाया जाएगा।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि AI शिक्षकों का विकल्प नहीं है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम है। तकनीक का सही उपयोग शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार ला सकता है।
शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाने की क्षमता रखता है AI
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं AI प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि आज का युग ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की क्षमता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा में आधुनिक तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है।
शिक्षकों की भूमिका को और प्रभावी बनाएगी AI तकनीक
मंत्री वर्मा ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक केवल विद्यार्थियों को जानकारी नहीं देता, बल्कि उनमें सोचने, समझने, सवाल करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी विकसित करता है। AI तकनीक शिक्षकों की इस महत्वपूर्ण भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने में मददगार साबित होगी।
उन्होंने बताया कि AI की सहायता से प्राध्यापक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा जटिल विषयों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाने, बेहतर पाठ योजनाएं बनाने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन और फीडबैक को प्रभावी बनाने तथा शोध कार्यों में नई संभावनाओं का लाभ उठाने में भी सुविधा मिलेगी।
22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
इस पहल के तहत रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों एवं अधिकारियों को AI तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हैं।
प्रारंभिक कार्यशाला के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकारी कार्यालयों के कामकाज में आएगी तेजी
AI तकनीक का लाभ केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभागीय कार्यालयों में कार्यरत गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलेगा।
AI की मदद से पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं का विश्लेषण करने और अन्य कार्यालयीन कार्यों को अधिक सरल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा। इससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ने के साथ समय की भी बचत होगी।
AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर
उच्च शिक्षा मंत्री ने AI तकनीक के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि AI से प्राप्त प्रत्येक जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए किसी भी जानकारी का शैक्षणिक या प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका परीक्षण और सत्यापन अवश्य किया जाना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों एवं अधिकारियों से तकनीकी बदलाव को सकारात्मक रूप से अपनाने और अपने संस्थानों में नवाचार तथा AI के उपयोग के प्रति जागरूकता विकसित करने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षाविद रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी और गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) ईशा पोरवाल जैन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ाधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच यह साझेदारी छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने, शिक्षण की गुणवत्ता सुधारने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।